ताज़ा-ख़बर

आपूर्ति विभाग की लापरवाही पर सख्त हुए उपायुक्त, स्टॉक सत्यापन से लेकर ई-केवाईसी तक खामियां उजागर

रिपोर्ट: MANISH 45 दिन पहलेझारखण्ड

राशन वितरण, ई-केवाईसी और धान अधिप्राप्ति में पिछड़ रहा आपूर्ति विभाग, डीसी ने दिए कड़े निर्देश

आपूर्ति विभाग की लापरवाही पर सख्त हुए उपायुक्त, स्टॉक सत्यापन से लेकर ई-केवाईसी तक खामियां उजागर

सरायकेला-खरसावाँ : जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक में विभागीय खामियां खुलकर सामने आईं। बैठक के दौरान सार्वजनिक वितरण प्रणाली, ई-केवाईसी, राशन डीलरों के स्टॉक सत्यापन, नमक वितरण तथा धान अधिप्राप्ति में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उपायुक्त ने गहरी नाराजगी जताई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि पात्र लाभुकों को समय पर खाद्यान्न नहीं मिलना, ई-केवाईसी में सुस्ती, डीलरों द्वारा स्टॉक का सही संधारण नहीं करना और गोदाम प्रबंधन में लापरवाही गंभीर प्रशासनिक चूक है। उन्होंने निर्देश दिया कि गम्हरिया और आदित्यपुर क्षेत्र में सभी राशन डीलरों का सघन भौतिक सत्यापन कर स्टॉक मिलान किया जाए। साथ ही जिन लाभुकों का लंबे समय से राशन उठाव नहीं हो रहा है उनकी स्थलीय जांच कर नियमानुसार नाम विलोपित करने की प्रक्रिया शुरू की जाए। ई-केवाईसी की धीमी गति को विभाग की बड़ी कमजोरी बताते हुए उपायुक्त ने ग्राम स्तर पर विशेष शिविर लगाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया। नमक और खाद्यान्न वितरण में डीएसडी प्रणाली की अनदेखी, गोदामों में अव्यवस्थित भंडारण और जनवरी माह के लंबित राशन वितरण को भी गंभीर लापरवाही माना गया। धान अधिप्राप्ति में भी लक्ष्य से पीछे रहने पर किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी पुष्कर सिंह मुंडा सहित सभी संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.