ताज़ा-ख़बर

डोबो-कांदरबेड़ा मार्ग पर ट्रेलर हादसा, कपाली ओपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई में भी नहीं बची चालक की जान

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

ओपी प्रभारी धिरंजन कुमार के नेतृत्व में रेस्क्यू और कानूनी प्रक्रिया पूरी, दुर्घटना की निष्पक्ष जांच शुरू

डोबो-कांदरबेड़ा मार्ग पर ट्रेलर हादसा, कपाली ओपी पुलिस की त्वरित कार्रवाई में भी नहीं बची चालक की जान

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। सुबह करीब 7:00 बजे डोबो-कांदरबेड़ा मार्ग पर धरनीगोड़ा के पास एक ट्रेलर वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। दुर्घटना में चालक गगन महतो (पिता- अंजनी महतो), निवासी बागुनहातु, बारीडीह कॉलोनी, जमशेदपुर की वाहन के नीचे दबने से मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। ओपी प्रभारी के नेतृत्व में राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। स्थानीय लोगों और उपलब्ध संसाधनों की सहायता से पलटे वाहन को हटाने की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटनास्थल पर हल्का मोड़ है और तेज रफ्तार के कारण ट्रेलर संतुलन खो बैठा। पुलिस ने दुर्घटना स्थल को सुरक्षित करते हुए यातायात को नियंत्रित किया और स्थिति सामान्य कराई। कपाली ओपी द्वारा ट्रेलर के मालिक और परिवहन संबंधी दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और सड़क सुधार की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि दुर्घटना के कारणों की गंभीरता से जांच कर उचित रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.