गोल्डन लीफ रिजॉर्ट से फरार अपराधी मनीष सिंह गिरफ्तार, जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी
नए जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी ने 24 घंटे में दिखाया असर, रंग लाई एसएसपी की सख्ती

जमशेदपुर : पुलिस ने कई मामलों में फरार चल रहे नामजद आरोपी मनीष सिंह को आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे सरायकेला-खरसावां के चांडिल थाना क्षेत्र स्थित गोल्डन लीफ रिजॉर्ट से दबोचा। उसकी गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। गौरतलब है कि मनीष सिंह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था और विभिन्न मामलों में उसकी तलाश की जा रही थी। दो दिन पूर्व उसकी गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी ने कड़ा रुख अपनाते हुए जुगसलाई थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया था और गुलाम रब्बानी को नया थाना प्रभारी बनाया गया था। पदभार संभालने के महज 24 घंटे के भीतर ही उन्होंने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए मनीष सिंह को गिरफ्तार कर लिया। गुप्त सूचना के आधार पर बुधवार तड़के पुलिस टीम ने गोल्डन लीफ रिजॉर्ट में छापेमारी की और आरोपी को धर दबोचा। फिलहाल पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है लेकिन सूत्रों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है। मनीष सिंह की गिरफ्तारी को जमशेदपुर पुलिस के लिए अहम उपलब्धि माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।