रांची के अनगड़ा में शराब दुकान पर पांच राउंड फायरिंग, सीसीटीवी में कैद हुआ पूरा घटनाक्रम
देव सिंह मुंडा की पहचान, पुलिस ने गिरफ्तारी के लिए तेज की छापेमारी

रांची : राजधानी रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अपराधियों ने एक शराब दुकान पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना में कुल पांच राउंड गोलियां चलाई गईं। गनीमत रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार फायरिंग करने वालों में देव सिंह मुंडा और उसके दो साथी शामिल थे। सभी ने अपने चेहरे ढके हुए थे। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आरोपी पहले शराब की मांग कर रहे थे। दुकान कर्मियों द्वारा मना करने पर उन्होंने गाली-गलौज, धमकी और उसके बाद गोलीबारी शुरू कर दी। भय के माहौल में कर्मचारियों को मजबूरन एक बोतल शराब देनी पड़ी। घटना की सूचना मिलते ही अनगड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी गौतम कुमार रजवार ने बताया कि मुख्य आरोपी की पहचान देव सिंह मुंडा के रूप में हो चुकी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।