कोडरमा घाटी में अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, हत्या कर फेंके जाने की आशंका
एक महीने में दूसरी घटना से दहशत, पुलिस जांच तेज, पहचान अब भी अज्ञात

कोडरमा : झारखंड के कोडरमा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब कोडरमा घाटी के मेघातरी स्थित पैरी माइंस के समीप जंगल किनारे एक अज्ञात महिला का अर्धनग्न शव बरामद किया गया। शव की स्थिति संदिग्ध होने के कारण हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सुबह टहलने निकले कुछ ग्रामीणों की नजर सड़क किनारे पड़े एक प्लास्टिक बोरे पर पड़ी। करीब जाने पर उन्होंने देखा कि बोरे से महिला का पैर बाहर निकला हुआ है। इसके बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही कोडरमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि महिला की पहचान अब तक नहीं हो पाई है और सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला की कहीं और हत्या कर शव को बोरे में डालकर यहां फेंका गया है। घटना के बाद क्षेत्र में भय और चर्चा का माहौल है। गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले भी इसी थाना क्षेत्र में एक अर्धनग्न महिला का शव मिला था जिसका सिर गायब था और उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब मामले की गहन छानबीन में जुटी है।