राज्यपाल ने JVM श्यामली के सांस्कृतिक महोत्सव में कहा: शिक्षा का लक्ष्य संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना
बिरसा मुंडा की वीरभूमि से मिली प्रेरणा, छात्रों को मेहनत, ईमानदारी और सकारात्मकता अपनाने का संदेश : राज्यपाल

रांची : झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने रविवार को रांची स्थित जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के वार्षिक सांस्कृतिक महोत्सव हारबिंगर्स-2025 में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अंक प्राप्त करना नहीं बल्कि संवेदनशील, संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है। उन्होंने कहा कि सच्ची शिक्षा वही है जो व्यक्ति में नैतिकता, अनुशासन, करुणा और समाज के प्रति कर्तव्यभाव पैदा करे। राज्यपाल ने विद्यालय की 1966 से चली आ रही अनुशासन, गुणवत्ता और उत्कृष्ट शैक्षणिक परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि JVM श्यामली न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश में प्रतिष्ठित संस्थानों में शुमार है। अपने संबोधन में उन्होंने विशेष रूप से विद्यालय के पूर्व छात्र और पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का उल्लेख किया और कहा कि उनकी सादगी, धैर्य और अनुशासन इस संस्थान की मूल भावना का प्रतिबिंब हैं। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास का एक महत्वपूर्ण माध्यम हैं जो उनकी रचनात्मकता, अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान को बढ़ाते हैं। कार्यक्रम में प्रस्तुत गीत, नृत्य, नाटक और अभिनय विद्यार्थियों की प्रतिभा और नवाचार को दर्शाते हैं। राज्यपाल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम का जिक्र करते हुए छात्रों को संदेश दिया कि वे खुद पर विश्वास रखें, कड़ी मेहनत करें और सदैव मुस्कुराते रहें। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा के साहस और संघर्ष को याद करते हुए विद्यार्थियों से ईमानदारी, परिश्रम और सकारात्मकता को जीवन का आधार बनाने की अपील की। अंत में उन्होंने विद्यालय प्रशासन, शिक्षकों और अभिभावकों को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि JVM के विद्यार्थी आगे भी राज्य और देश का नाम रोशन करते रहेंगे।