ताज़ा-ख़बर

डॉ. मिथिलेश कुमार पर हमले के विरोध में एकजुट हुआ चिकित्सा समुदाय, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

रिम्स ट्रॉमा सेंटर में घायल चिकित्सक से मिले डॉक्टरों के प्रतिनिधिमंडल ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की उठाई मांग

डॉ. मिथिलेश कुमार पर हमले के विरोध में एकजुट हुआ चिकित्सा समुदाय, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग

रांची। पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार पर 28 मई की रात हुए हमले को लेकर झारखंड का चिकित्सा समुदाय आक्रोशित है। ड्यूटी से लौटने के दौरान रास्ते में अज्ञात लोगों ने उन्हें रोककर गंभीर रूप से मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। वर्तमान में उनका इलाज रिम्स ट्रॉमा सेंटर, रांची में चल रहा है।

घटना के विरोध में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए), झारखंड स्टेट हेल्थ सर्विसेज एसोसिएशन (जेएसएचएसए), झारखंड डॉक्टर्स नेटवर्क (जेडीएन) एवं विभिन्न पारा-मेडिकल कर्मचारी संगठनों ने संयुक्त बयान जारी कर हमले की कड़ी निंदा की है। संगठनों ने मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी, चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।

रविवार को डॉ. शंभू प्रसाद सिंह, डॉ. अभिषेक कुमार रामाधीन, डॉ. मृत्युंजय ठाकुर, डॉ. विकास कुमार एवं डॉ. दीपक ने रिम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर डॉ. मिथिलेश कुमार से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। प्रतिनिधिमंडल ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो चिकित्सा समुदाय पेन-डाउन सहित लोकतांत्रिक आंदोलन पर विचार करेगा।

गौरतलब है कि इस मामले में डॉ. मिथिलेश कुमार के पिता ने संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। चिकित्सकों ने कहा कि स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।

इन्हें भी पढ़ें.