ताज़ा-ख़बर

एसपी के औचक निरीक्षण से थानों में बढ़ी हलचल, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप

रिपोर्ट: VBN News Desk2 घंटे पहलेझारखण्ड

गोला-बरलंगा थाना पहुंचे पुलिस अधीक्षक, बालू-कोयला तस्करी पर सख्त कार्रवाई के दिए संकेत

एसपी के औचक निरीक्षण से थानों में बढ़ी हलचल, अवैध कारोबारियों में मचा हड़कंप

गोला : रामगढ़ जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक द्वारा गोला एवं बरलंगा थाना का औचक निरीक्षण किया गया। एसपी के अचानक दौरे से दोनों थाना क्षेत्रों में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई और पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ती नजर आई। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना की कार्यप्रणाली, लंबित मामलों, वारंट निष्पादन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, सीसीटीएनएस प्रविष्टि तथा ई-साक्ष्य से संबंधित व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना प्रभारियों और पुलिस पदाधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने, अपराध नियंत्रण में तेजी लाने तथा कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी और वारंट निष्पादन में तेजी लाने पर जोर दिया। इसके अलावा थाना अभिलेखों, केस डायरी और डिजिटल रिकॉर्ड की भी बारीकी से जांच की गई। एसपी के इस औचक निरीक्षण के बाद स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि अब क्षेत्र में लंबे समय से जारी अवैध बालू और कोयला कारोबार पर पुलिस की सख्त कार्रवाई देखने को मिल सकती है। ग्रामीणों और आम नागरिकों का कहना है कि गोला और बरलंगा क्षेत्र में अवैध खनन और तस्करी की गतिविधियां लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऐसे में पुलिस अधीक्षक के सख्त रुख से अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर दबाव बढ़ेगा और प्रशासनिक पकड़ मजबूत होगी। स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि लगातार निरीक्षण और उच्चस्तरीय मॉनिटरिंग से क्षेत्र में कानून व्यवस्था में सुधार आएगा तथा अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस की जवाबदेही और बढ़ेगी। लोगों का मानना है कि यदि इसी प्रकार नियमित निरीक्षण और निगरानी जारी रही तो अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट संदेश दिया कि अपराध, अवैध तस्करी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आम लोगों के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने और संवेदनशील मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। एसपी के इस दौरे को क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

रामगढ़ से दिलीप करमाली की रिपोर्ट

इन्हें भी पढ़ें.