छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मोहा मन
अतिथियों ने नगाड़े बजाकर किया शुभारंभ, महिषासुर वध की प्रस्तुति ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

By Aamir Suhail गिद्धौर (चतरा): प्रखंड मुख्यालय स्थित ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में दुर्गा पूजा महोत्सव के अवसर पर आयोजित धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में छऊ नृत्य की शानदार प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ पूजा समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार कुशवाहा, सचिव कपिल कुमार, निर्देशक जितेंद्र कुमार जीतू, प्रवक्ता परमेश्वर दांगी, मुकेश कुमार, निरंजन दांगी एवं सांसद प्रतिनिधि बबलू कुमार साव समेत अन्य अतिथियों ने नगाड़े बजाकर किया।
इस अवसर पर ओडिशा से आए कलाकारों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों ने पौराणिक कथा महिषासुर वध पर आधारित छऊ नृत्य के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का जीवंत चित्रण किया। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक मुखौटों, भावपूर्ण हाव-भाव और मनमोहक नृत्य शैली ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। प्रस्तुति के दौरान श्रद्धालु कलाकारों की कला और उनकी शानदार नृत्य शैली की सराहना करते नजर आए।
छऊ नृत्य के माध्यम से कलाकारों ने भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और समृद्ध लोकपरंपराओं की सुंदर झलक प्रस्तुत की। इस दौरान अतिथियों ने कहा कि छऊ नृत्य हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और पारंपरिक लोककला का महत्वपूर्ण हिस्सा है। नवरात्र के पावन अवसर पर इस तरह के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान होने के साथ-साथ लोककलाओं को भी प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि महिषासुर वध पर आधारित यह प्रस्तुति बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश देती है। ऐसे आयोजन न केवल कलाकारों का उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने की प्रेरणा भी देते हैं। मौके पर समाजसेवी राजूलाल वर्मा, कार्तिक राणा, प्रभात कुमार सोनू, पंकज कुमार समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।