पलामू में नारी शक्ति का 'सुपर मॉडल, अरुणा शंकर ने प्रशासनिक चौकड़ी को 'थैंक्यू मैडमस' कह सराहा
अरुणा शंकर ने कहा कि एक साथ चार शीर्ष पदों पर महिलाओं का होना न केवल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है बल्कि समाज की आधी आबादी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

मेदिनीनगर (पलामू) : पलामू के प्रशासनिक इतिहास में यह गौरवशाली क्षण है। जिले की बागडोर चार सशक्त महिला अधिकारियों के हाथ में है। जिस पवित्रता व शांति के साथ नगर निगम मतदान संपन्न हुआ, उसने नारी सशक्तिकरण की नई परिभाषा लिखी है। उक्त बातें मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव की महापौर प्रत्याशी अरुणा शंकर ने कही।
अरुणा शंकर ने पलामू की 'महिला शक्ति' को लोकतंत्र के महापर्व के सफल संचालन के लिए बधाई दी।महापौर प्रत्याशी अरुणा शंकर ने प्रमंडलीय आयुक्त कुमुद सहाय, उपायुक्त समीरा एस, पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन व सदर एसडीएम सुलोचना मीणा के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए 'थैंक्यू मैडमस' का आभार संदेश जारी किया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह इन अधिकारियों ने निगम चुनाव के मतदान के दौरान सुरक्षा व निष्पक्षता सुनिश्चित की, उसी पारदर्शिता व शुद्धता के साथ आगामी 27 फरवरी को मतगणना का कार्य भी संपन्न होगा। इसका पूरा भरोसा व यकीन है। अरुणा शंकर ने कहा कि एक साथ चार शीर्ष पदों पर महिलाओं का होना न केवल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है बल्कि समाज की आधी आबादी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इन अधिकारियों के सामंजस्य ने जिले में कानून व्यवस्था व प्रशासनिक अनुशासन का एक नया मानक स्थापित किया है।