पत्रकार पर हमला करने वालों को गिरफ्तार करें पलामू पुलिस: अवधेश शुक्ला
यह हमला पत्रकारों को समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करने से रोकने का प्रयास है।

मेदिनीनगर, पलामू : झारखंड पत्रकार संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने पलामू पुलिस से पत्रकार पर हमला करने वालों को गिरफ्तार करने की मांग किया है ।सोमवार को एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उन्होंने कहा कि पलामू में इन दिनों पत्रकारों पर जानलेवा हमला किया जा रहा है। यह हमला पत्रकारों को समाज में व्याप्त भ्रष्टाचार को उजागर करने से रोकने का प्रयास है। जिसे झारखंड पत्रकार संगठन कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।
श्री शुक्ला ने कहा कि रविवार की शाम नावा बाजार के पत्रकार मिथिलेश कुमार विश्वकर्मा पर सोहदाग के मुखिया पति अपने गुंडो के साथ उनके घर पर जाकर हमला किया। पत्रकार का दोष इतना ही था कि वह पंचायत में मनरेगा योजनाओं में व्याप्त भ्रष्टाचार संबंधी समाचार अखबार में लिखा था ।उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि लोकतंत्र में पत्रकारों को सच लिखने से रोका जा रहा है ।उन्होंने पलामू पुलिस से पत्रकार पर हमला करने वाले मुखिया पति और उनके गुंडो को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग किया है। ज्ञातव्य हो कि घायल पत्रकार का इलाज मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है। इधर झारखंड पत्रकार संगठन के प्रमंडलीय प्रभारी अश्विनी कुमार घई , जिला अध्यक्ष विनोद सिंह, उपेंद्र कुमार अस्पताल जाकर घायल पत्रकार से मिले और उनका हाल-चाल लिया।