हेमलाल ने सदन में उठाया जीवाश्म का मुद्दा, फॉसिल पार्क बनाने की मांग
इससे वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा
पाकुड़ । लिट्टीपाड़ा विधायक हेमलाल मुर्मू ने विधानसभा में अपने क्षेत्र में मिले जीवाश्म का मुद्दा उठाते हुए सरकार से इसे संरक्षित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के जरमुंडी, गोराम, चीतलों तथा अमरापाड़ा में नदी किनारे समेत कई स्थानों पर जीवाश्म मिलने की जानकारी सामने आई है। विधायक ने कहा कि इन स्थानों पर पाए गए जीवाश्म इस क्षेत्र की प्राचीन जैव विविधता और भू-वैज्ञानिक महत्व को दर्शाते हैं। ऐसे में इनकी सुरक्षा और संरक्षण बेहद जरूरी है। उन्होंने सदन के माध्यम से सरकार से मांग करते हुए कहा कि लिट्टीपाड़ा क्षेत्र में मिले इन जीवाश्मों और जैव विविधता को संरक्षित करने के लिए यहां फॉसिल पार्क (जीवाश्म पार्क) का निर्माण कराया जाए।

इससे न केवल इस प्राकृतिक धरोहर का संरक्षण हो सकेगा, बल्कि क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाएं भी विकसित होंगी। विधायक ने कहा कि यदि लिट्टीपाड़ा में फॉसिल पार्क का निर्माण किया जाता है तो इससे वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। खासकर जूलॉजिकल विभाग से जुड़े छात्रों को जीवाश्म के बारे में अध्ययन करने में उन्हें काफी सहूलियत होगी। वर्षों पूर्व तैयार हुए जीवाश्म के बारे में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा।