ताज़ा-ख़बर

1.68 करोड़ से गम्हरिया के तीन तालाबों का होगा कायाकल्प, मेयर संजय सरदार ने किया शिलान्यास

रिपोर्ट: MANISH 8 घंटे पहलेझारखण्ड

पर्यटन, जलस्तर सुधार और आधुनिक सुविधाओं पर जोर, जनता की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई का आश्वासन

1.68 करोड़ से गम्हरिया के तीन तालाबों का होगा कायाकल्प, मेयर संजय सरदार ने किया शिलान्यास

गम्हरिया : आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 7 और 8 में विकास कार्यों को नई गति देते हुए गुरुवार को तीन प्रमुख तालाबों के जीर्णोद्धार एवं पुनरुद्धार कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। करीब 1 करोड़ 68 लाख रुपये की लागत से संचालित इस महत्वाकांक्षी योजना का शुभारंभ मेयर संजय सरदार और डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर वार्ड 7 के पार्षद परितोष बेज और वार्ड 8 की पार्षद मोना बेसरा समेत कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मेयर संजय सरदार ने कहा कि ये तीनों तालाब क्षेत्र की लाइफलाइन हैं और इनके पुनरुद्धार से न केवल स्थानीय निवासियों को सुविधा मिलेगी बल्कि गिरते जलस्तर को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि तालाबों के सौंदर्यीकरण से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और पर्यावरण संरक्षण को मजबूती मिलेगी। डिप्टी मेयर अंकुर सिंह ने योजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना के तहत केवल तालाबों की सफाई ही नहीं बल्कि आधुनिक सुविधाओं का भी विकास किया जाएगा। परिसर में शौचालय, ओपन जिम और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण कराया जाएगा जिससे स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य और मनोरंजन दोनों का लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद भी किया। वार्ड 7 के प्रगति नगर और वार्ड 8 के निवासियों ने जल-जमाव और गंदगी की समस्या को प्रमुखता से उठाया। इस पर मेयर ने अधिकारियों को तत्काल निर्देश देते हुए आश्वासन दिया कि ड्रेनेज सिस्टम और सफाई व्यवस्था को जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा। यह परियोजना न केवल क्षेत्र के सौंदर्यीकरण का माध्यम बनेगी बल्कि जल संरक्षण, पर्यावरण संतुलन और नागरिक सुविधाओं को भी एक नई दिशा देने का कार्य करेगी।

इन्हें भी पढ़ें.