चिमीसाई में तेज रफ्तार बाइक की दीवार से टक्कर, रायकोला के तीन युवकों की मौके पर मौत
गुजरात से लौटे युवक को लेने गए थे दोस्त और भाई, घर लौटते समय दर्दनाक हादसे में तीनों की जान गई

चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के कोचको ओपी क्षेत्र अंतर्गत चिमीसाई स्थित पुराने पंचायत भवन के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर पंचायत भवन की दीवार से जा टकराई जिससे तीनों की घटनास्थल पर ही जान चली गई। मृतकों की पहचान रायकोला गांव निवासी सुनील कुंकल (पिता कृष्णा कुंकल), चोगो कुंकल और चैतन कुंकल (दोनों के पिता कोलाय कुंकल) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चोगो कुंकल गुजरात से काम कर वापस लौटा था। उसे लेने के लिए उसका भाई चैतन कुंकल अपने दोस्त सुनील कुंकल के साथ चाईबासा गया था। तीनों युवक मोटरसाइकिल से चाईबासा से लौटते समय झिकपानी साप्ताहिक हाट बाजार होते हुए अपने गांव रायकोला जा रहे थे। इसी दौरान चिमीसाई के पास घुमावदार सड़क पर बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और पुराने पंचायत भवन की दीवार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को एंबुलेंस से सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद रायकोला गांव में शोक का माहौल है।