ताज़ा-ख़बर

देवघर में दर्दनाक सड़क हादसा, कांवरियों से भरी बस की ट्रक से टक्कर, अब तक 5 की मौत, 23 घायल

रिपोर्ट: VBN News Desk18 दिन पहलेदेश

हालांकि देवघर ट्रैफिक डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद के अनुसार दुर्घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।

देवघर में दर्दनाक सड़क हादसा, कांवरियों से भरी बस की ट्रक से टक्कर, अब तक 5 की मौत, 23 घायल

देवघर : जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोड्डा-देवघर मुख्य मार्ग पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में अब तक 9 कांवरियों की मौत हो चुकी है जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा सुबह लगभग 4:30 से 5:30 बजे के बीच जमुनिया जंगल के समीप हुआ, जब एक 32-सीटर बस (निबंधन संख्या JH15H 6357) गैस सिलिंडर ले जा रहे एक ट्रक से आमने-सामने टकरा गई। बस देवघर के सुरेंद्र नाथ झा के नाम पर पंजीकृत थी और इसमें श्रावणी मेले के लिए कांवरिया सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन कुमार को इसकी सूचना दी जो दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मोहनपुर सीएचसी पहुंचाया गया जहां से गंभीर घायलों को देवघर सदर अस्पताल रेफर किया गया। मृतकों की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है। देवघर के सिविल सर्जन डॉ. युगल किशोर चौधरी ने पुष्टि की है कि अब तक 5 कांवरियों की मौत हुई है और 23 घायल हैं जिनमें एक की हालत अत्यंत गंभीर बताई गई है। सभी घायलों का इलाज देवघर सदर अस्पताल में जारी है। वहीं संताल परगना प्रक्षेत्र के आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा ने बताया कि दुर्घटना में अब तक 5 लोगों की मौत हुई है और कई की हालत गंभीर है। उन्होंने कहा कि घायलों की संख्या और मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। उन्होंने मौके की स्थिति की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। हालांकि देवघर ट्रैफिक डीएसपी लक्ष्मण प्रसाद के अनुसार दुर्घटना में कम से कम 9 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिला प्रशासन हाई अलर्ट पर है और राहत कार्य जारी है। इस भीषण सड़क हादसे ने पूरे झारखंड को झकझोर कर रख दिया है। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को यथासंभव सहायता पहुंचाने की बात कही है। श्रद्धालुओं की भारी संख्या को देखते हुए श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को लेकर भी नए सिरे से समीक्षा की मांग उठने लगी है।

इन्हें भी पढ़ें.