नीमडीह के गुंडा गांव में स्वतंत्रता सेनानी धनंजय महतो की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, स्वतंत्रता संग्राम में योगदान को किया गया याद
जय हिंद सेना से विधान परिषद तक, धनंजय महतो के राष्ट्रसेवा के योगदान को किया गया नमन

सरायकेला : ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र के नीमडीह थाना अंतर्गत गुंडा गांव में स्वतंत्रता सेनानी स्वर्गीय धनंजय महतो की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके परिजनों और ग्रामीणों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और उनके योगदान को भावपूर्ण स्मरण किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने कहा कि स्व. धनंजय महतो का जीवन देशभक्ति, साहस और समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान रामगढ़ में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नेतृत्व में आयोजित जय हिंद सेना की गरम दल की ऐतिहासिक बैठक में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका योगदान केवल स्वतंत्रता आंदोलन तक सीमित नहीं रहा बल्कि स्वतंत्रता के बाद भी वे जनसेवा में सक्रिय रहे और बिहार विधान परिषद के सदस्य के रूप में उन्होंने समाज और प्रदेश के विकास के लिए कार्य किया। ग्रामीणों ने बताया कि धनंजय महतो का जन्म 8 अगस्त 1914 को हुआ था और उनकी पुण्यतिथि 2 जनवरी को प्रतिवर्ष श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई जाती है। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने युवाओं से देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। श्रद्धांजलि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और भावुक वातावरण में संपन्न हुआ जिसमें स्व. धनंजय महतो को शत-शत नमन किया गया।