ताज़ा-ख़बर

स्कूल बंक कर चेक डैम में नहाने गए दो स्कूली छात्र डूबे, चार घंटे बाद दोनों के शव बरामद

रिपोर्ट: MANISH 8 घंटे पहलेझारखण्ड

रेस्क्यू में देरी और सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल, इलाके में शोक की लहर

स्कूल बंक कर चेक डैम में नहाने गए दो स्कूली छात्र डूबे, चार घंटे बाद दोनों के शव बरामद

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र अंतर्गत आसंगी स्थित खरकाई नदी पर बने चेक डैम में नहाने के दौरान दो स्कूली छात्रों की डूबने से मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और माहौल गमगीन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार सेंट्रल पब्लिक स्कूल के नौवीं कक्षा के तीन छात्र (गोडविन थॉमस, रौनक भारद्वाज और प्रशांत कुमार) स्कूल से निकलकर चेक डैम पहुंचे थे। इसी दौरान गोडविन और रौनक ने नहाने के लिए पानी में छलांग लगा दी लेकिन डैम की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण दोनों डूब गए। घटना के समय मौजूद प्रशांत कुमार ने तुरंत आसपास के लोगों से मदद मांगी लेकिन कोई भी दोनों छात्रों को बचा नहीं सका। इसके बाद उसने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों के शव बरामद कर लिए गए। घटना के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू होने में हुई देरी को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों ने प्रशासन की आपातकालीन व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े किए हैं। इधर जैसे ही घटना की सूचना परिजनों को मिली वे मौके पर पहुंच गए। दोनों छात्र अपने-अपने परिवार के इकलौते बेटे बताए जा रहे हैं जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे इलाके में शोक और मातम का माहौल व्याप्त है। यह हादसा एक बार फिर नदी और चेक डैम जैसे स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर कमी को उजागर करता है।

बाइट : संजीव कुमार सिंह, थाना प्रभारी, आरआईटी थाना

इन्हें भी पढ़ें.