ताज़ा-ख़बर

सरायकेला पुलिस की रात्रि गश्ती में दो संदिग्ध गिरफ्तार, बैटरी, मोबाइल और चोरी के औजार बरामद

रिपोर्ट: MANISH 7 घंटे पहलेअपराध

कोर्ट मोड़ पर पुलिस को देखकर भागने लगे युवक, साजिद खान और जाफर अंसारी गिरफ्तार; पुराने आपराधिक मामलों की भी जांच

सरायकेला पुलिस की रात्रि गश्ती में दो संदिग्ध गिरफ्तार, बैटरी, मोबाइल और चोरी के औजार बरामद

सरायकेला : थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान चोरी के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से बैटरी, दो मोबाइल फोन, नकदी, एक स्कूटी और चोरी में इस्तेमाल होने वाले कई औजार बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साजिद खान उर्फ मुन्ना खान और जाफर अंसारी उर्फ गब्बर अंसारी उर्फ बब्बर अंसारी उर्फ बबलू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 28 अक्टूबर की रात करीब 12:35 बजे सरायकेला थाना क्षेत्र में गश्ती दल को कोर्ट मोड़ के समीप दो युवक संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिए। पुलिस को देखकर दोनों भागने लगे, जिसके बाद सशस्त्र बल के जवानों की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से अमारॉन कंपनी की काली बैटरी, वीवो और ओप्पो के दो टचस्क्रीन मोबाइल, काले रंग की सुजुकी स्कूटी और 2,570 रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा सादे कागज में लपेटा हुआ करीब 15 ग्राम का चांदी जैसा धातु का टुकड़ा, लोहे का पाना, स्क्रू ड्राइवर का हैंडल और स्टील का मुड़ा हुआ सब्बल भी जब्त किया गया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने थाना के सामने खड़ी टाटा मैजिक गाड़ी की बैटरी चोरी करने और राजाबाजार के माणिक बाजार स्थित ट्रैक्टर शोरूम में चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। इन घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि रात्रि गश्ती के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर पुलिस की नजर पड़ने से दोनों युवकों को पकड़ा जा सका। उन्होंने बताया कि बरामद सामान और पूछताछ के आधार पर संबंधित चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों का अन्य घटनाओं से कोई संबंध है या नहीं। थाना प्रभारी के मुताबिक साजिद खान के खिलाफ सरायकेला थाने में पहले से दो मामले दर्ज हैं। वहीं जाफर अंसारी के खिलाफ सरायकेला, रांची के लोअर बाजार और लोहरदगा जिले के कुडू थाना में आर्म्स एक्ट, चोरी और गोवंशीय अधिनियम से संबंधित मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। इस कार्रवाई में अंचल निरीक्षक राजेश कुडू, थाना प्रभारी विनय कुमार सहित सरायकेला थाना के पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।

इन्हें भी पढ़ें.