केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का आदित्यपुर दौरा, राजनीति से लेकर विकास तक कई मुद्दों पर दिए तीखे बयान, तेजस्वी को बताया सुपर गब्बर, हेमंत सरकार पर लगाया बांग्लादेशी घुसपैठ बढ़ाने का आरोप
झारखंड में तसर उद्योग को बढ़ावा देने की योजना, नगड़ी में शुरू हुआ इंडोर तसर खेती का नया वर्जन, मोदी सरकार की नीतियों की तारीफ, गिरिराज सिंह बोले 2047 तक भारत बनेगा विश्वगुरु

आदित्यपुर : केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह सोमवार को नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, आदित्यपुर के एकेडमिक भवन के उद्घाटन समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर हॉस्पिटल के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने उनका स्वागत किया। मीडिया से बातचीत के दौरान गिरिराज सिंह ने बिहार की राजनीति को लेकर राष्ट्रीय जनता दल पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि बिहार की जनता अब गब्बर फैमिली यानी लालू परिवार को फिर से सत्ता में नहीं आने देगी। लालू गब्बर हैं और तेजस्वी सुपर गब्बर हैं। झारखंड सरकार को भी आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन बांग्लादेशी घुसपैठ को बढ़ावा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि हेमंत सोरेन झारखंड को बंगाल बनाना चाहते हैं और ममता बनर्जी बंगाल को बांग्लादेश बनाना चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चंपई सोरेन ने इन्हीं कारणों से झामुमो से नाता तोड़कर भाजपा का दामन थामा। तसर और कपड़ा उद्योग पर बात करते हुए मंत्री ने बताया कि झारखंड में तसर उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए नगड़ी, रांची में इंडोर तसर उत्पादन की पहल शुरू हो चुकी है। आने वाले समय में जमशेदपुर सहित पूरे झारखंड में तसर उत्पादन को दोगुना करने का लक्ष्य है। मेडिकल सेक्टर की सराहना करते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ रही है और एमबीबीएस सीटें भी बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने मदन मोहन सिंह को राज्य में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए विकास पुरुष की संज्ञा दी। देश की आर्थिक और रोजगार नीतियों पर बोलते हुए गिरिराज सिंह ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार ने भारत को आर्थिक रैंकिंग में 11वें से 5वें स्थान पर पहुंचा दिया है। उन्होंने कहा कि देश में अब 1.6 लाख स्टार्टअप हैं जिनमें से 75,000 महिला स्टार्टअप हैं। सरकारी नौकरियों से आगे बढ़कर अब रोजगार की नई परिभाषा बनी है। उन्होंने जनता से अपील की कि वह भ्रम से बाहर आएं और झारखंड को बांग्लादेश बनने से बचाएं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में झारखंड में भी भाजपा और एनडीए का परचम लहराएगा। कार्यक्रम के अंत में गिरिराज सिंह ने मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और छात्रों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।