ताज़ा-ख़बर

जगन्नाथपुर में महाकवि विद्यापति की प्रतिमा का अनावरण, मैथिली भाषा और संस्कृति के संरक्षण का संदेश

रिपोर्ट: MANISH 1 दिन पहलेझारखण्ड

पूर्व सांसद सुमन महतो और अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज अरुणा मिश्रा ने किया प्रतिमा का अनावरण, विद्यापति के साहित्यिक योगदान को किया याद

जगन्नाथपुर में महाकवि विद्यापति की प्रतिमा का अनावरण, मैथिली भाषा और संस्कृति के संरक्षण का संदेश

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत जगन्नाथपुर स्थित श्री श्री सार्वजनिक नव दुर्गा पूजा समिति के मंदिर परिसर में महाकवि विद्यापति की प्रतिमा का अनावरण किया गया। पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच पूर्व सांसद एवं झामुमो की केंद्रीय सदस्य सुमन महतो तथा अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाज अरुणा मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्रतिमा का अनावरण किया। पूजा-अर्चना पंडित बद्री नारायण झा ने संपन्न कराई। इस अवसर पर महाकवि विद्यापति के साहित्यिक योगदान को याद करते हुए उन्हें मैथिली भाषा और साहित्य का गौरव बताया गया। उनके साहित्य में भक्ति, प्रेम, सांस्कृतिक चेतना और मिथिला की परंपराओं की झलक मिलती है। प्रतिमा की स्थापना को नई पीढ़ी को अपनी भाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया। पूर्व सांसद सुमन महतो ने कहा कि महाकवि विद्यापति की रचनाएं हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी प्रतिमा आने वाली पीढ़ियों को अपनी भाषा और संस्कृति के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा देगी। उन्होंने गम्हरिया और जगन्नाथपुर के लोगों को दुर्गापूजा की शुभकामनाएं देते हुए मां दुर्गा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। वहीं अरुणा मिश्रा ने कहा कि महाकवि विद्यापति की प्रतिमा का अनावरण गौरव का विषय है। ऐसे आयोजन समाज को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ नई पीढ़ी को महान साहित्यकारों के योगदान से परिचित कराने में मदद करते हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महाकवि विद्यापति के साहित्यिक योगदान को याद किया और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। आयोजन ने क्षेत्र में मैथिली भाषा, साहित्य और संस्कृति के प्रति सम्मान का संदेश दिया।

इन्हें भी पढ़ें.