कांग्रेस बैठक में हंगामा, पार्षद नीतू शर्मा ने लौटाया सम्मान, जिला अध्यक्ष पर साधा निशाना
नीतू शर्मा का आरोप: स्लीपर सेल से कमजोर हो रही पार्टी, कांग्रेस नेतृत्व घिरा सवालों में

सरायकेला : जिले की राजनीति में उस वक्त हलचल मच गई जब सर्किट हाउस में आयोजित कांग्रेस बैठक के दौरान आदित्यपुर नगर निगम वार्ड-17 की नवनिर्वाचित पार्षद नीतू शर्मा ने कांग्रेस जिला अध्यक्ष और स्थानीय नेतृत्व के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर की। निकाय चुनाव में जीत के बाद कांग्रेस नेताओं द्वारा सम्मानित किए जाने पर नीतू शर्मा ने भरी बैठक में गुलदस्ता और प्रशस्ति पत्र लौटाते हुए कहा कि चुनाव के दौरान पार्टी के ही कुछ नेता स्लीपर सेल की तरह काम कर विपक्षी उम्मीदवारों का समर्थन कर रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसे नेताओं के कारण पार्टी को हार का सामना करना पड़ा और महिला कार्यकर्ताओं का भी अपमान किया गया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ऐसी परिस्थितियों में इस तरह का सम्मान स्वीकार करना संभव नहीं है। उन्होंने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व से मांग की कि स्लीपर सेल की भूमिका निभाने वाले नेताओं की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में मौजूद जिला अध्यक्ष सहित अन्य वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर चुप्पी साधे रहे जिससे संगठन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि बैठक के बाद कांग्रेस नेताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों में एकजुटता दिखाने की बात कही लेकिन मुख्य विवाद पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद क्षेत्रीय राजनीति में नीतू शर्मा के रुख को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।