बेस कैंप कॉलोनी की जर्जर सड़क पर ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, वर्षों से ग्राम सभा नहीं होने का आरोप
भाजयुमो ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन, सड़क मरम्मत, ग्राम सभा और मूलभूत सुविधाएं बहाल करने की मांग

रिपोर्ट : सौरभ कुमार
जादूगोड़ा : मुसाबनी प्रखंड के मुरगाघुटू पंचायत अंतर्गत बेस कैंप कॉलोनी की जर्जर सड़क, वर्षों से ग्राम सभा नहीं होने तथा मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी को लेकर ग्रामीणों की नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है। मंगलवार को भाजपा युवा मोर्चा जादूगोड़ा मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह ने ग्रामीणों की ओर से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में बताया गया कि बेस कैंप कॉलोनी की सड़क लंबे समय से मरम्मत के अभाव में बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं जिससे लोगों का आवागमन कठिन हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और गंभीर हो जाती है तथा दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायती राज अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप नियमित ग्राम सभा का आयोजन नहीं किया जा रहा है। कई वर्षों से ग्राम सभा नहीं होने के कारण स्थानीय विकास योजनाओं, जनसमस्याओं और सरकारी योजनाओं पर चर्चा नहीं हो पा रही है। शिकायत करने पर पंचायत प्रतिनिधि यह कहकर जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लेते हैं कि संबंधित क्षेत्र दूसरे पंचायत के अंतर्गत आता है। भाजयुमो मंडल अध्यक्ष विक्रम सिंह ने बीडीओ से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर नियमित ग्राम सभा सुनिश्चित की जाए तथा बेस कैंप कॉलोनी की जर्जर सड़क का शीघ्र निर्माण एवं मरम्मत कराया जाए ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके। प्रखंड विकास पदाधिकारी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच कराने और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।