ताज़ा-ख़बर

छाता नदी से अवैध बालू उत्खनन पर ग्रामीणों का शिकंजा, हाइवा और जेसीबी जब्त

रिपोर्ट: VBN News Desk12 घंटे पहलेझारखण्ड

दियांकेल में सामूहिक कार्रवाई, ग्राम प्रधान की अगुवाई में रातभर चला अभियान

छाता नदी से अवैध बालू उत्खनन पर ग्रामीणों का शिकंजा, हाइवा और जेसीबी जब्त

खूंटी : जिला के तोरपा प्रखंड अंतर्गत दियांकेल गांव में छाता नदी से कथित अवैध बालू उत्खनन और परिवहन के खिलाफ ग्रामीणों ने मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई की। ग्राम प्रधान राफेल तोपनो के नेतृत्व में ग्रामीणों ने एक हाइवा और एक जेसीबी मशीन को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीण लेतारन तोपनो ने बताया कि गांव की सीमा से गुजरने वाली छाता नदी से रात के समय लगातार बालू निकासी की सूचना मिल रही थी। पर्यावरणीय नुकसान की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने पहले से ही निगरानी तेज कर रखी थी। मंगलवार की रात जब नदी किनारे बालू डंप किया जा रहा था और एक हाइवा में लोड कर बाहर ले जाया जा रहा था, तब ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से घेराबंदी कर दोनों वाहनों को पकड़ लिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बिना वैध खनन पट्टा और परिवहन चालान के बालू का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। उनका कहना है कि लगातार बालू निकासी से नदी का स्वरूप बदल रहा है जलस्तर पर असर पड़ रहा है और भविष्य में गांव के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही तोरपा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और जब्त हाइवा व जेसीबी को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने बताया कि वाहनों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है और खनन से जुड़े वैध कागजात की पुष्टि की जाएगी। ग्रामीणों ने थाना में लिखित आवेदन देकर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.