ताज़ा-ख़बर

एक सप्ताह से अंधेरे में चिमटिया पंचायत के ग्रामीण, हाथियों के डर के बीच बिजली विभाग की उदासीनता पर नाराजगी

रिपोर्ट: MANISH 17 घंटे पहलेझारखण्ड

चांडिल क्षेत्र में हाथियों का बढ़ता प्रकोप, खराब ट्रांसफार्मर ने बढ़ाई ग्रामीणों की चिंता, जल्द मरम्मत की मांग

एक सप्ताह से अंधेरे में चिमटिया पंचायत के ग्रामीण, हाथियों के डर के बीच बिजली विभाग की उदासीनता पर नाराजगी

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही और उनके प्रकोप के बीच बिजली व्यवस्था की बदहाली ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। ईचागढ़ प्रखंड की चिमटिया पंचायत में पंचायत भवन के समीप स्थित बिजली ट्रांसफार्मर पिछले लगभग एक सप्ताह से खराब पड़ा है। इसके कारण पंचायत के ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में रात के समय बिजली नहीं रहने से हाथियों के अचानक गांव में प्रवेश करने या खेतों की ओर आने पर खतरा और बढ़ जाता है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग के प्रति नाराजगी जताते हुए ट्रांसफार्मर की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि एक सप्ताह बीत जाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होना विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़ा करता है। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से न केवल घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहा है बल्कि रात में ग्रामीणों को हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने में भी परेशानी हो रही है। गौरतलब है कि हाल के दिनों में चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के आसपास हाथियों के प्रकोप और बिजली के करंट से हाथी की मौत की घटना सामने आ चुकी है। नीमडीह क्षेत्र के गुंडा गांव स्थित डीटांड टोला में खेत की मेड़ पार करने के दौरान एक हाथी के 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से मौत होने की सूचना मिली थी। इस घटना ने बिजली तारों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर भी सवाल खड़े किए थे। ऐसे हालात में चिमटिया पंचायत का ट्रांसफार्मर खराब रहना ग्रामीणों की परेशानी को और बढ़ा रहा है। ग्रामीणों ने बिजली विभाग से अविलंब ट्रांसफार्मर दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्र में बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखना सुरक्षा की दृष्टि से भी जरूरी है।

इन्हें भी पढ़ें.