ताज़ा-ख़बर

राजदोहा में बिजली संकट से ग्रामीण परेशान, 11 हजार वोल्ट लाइन के मेंटेनेंस की मांग

रिपोर्ट: VBN News Desk20 घंटे पहलेझारखण्ड

मुर्गाघुट्टू-राजदोहा की जर्जर विद्युत लाइन बनी परेशानी, वर्षों से शिकायत के बावजूद स्थायी समाधान नहीं

राजदोहा में बिजली संकट से ग्रामीण परेशान, 11 हजार वोल्ट लाइन के मेंटेनेंस की मांग

जादूगोड़ा (सौरव कुमार) : राजदोहा गांव में बिजली संकट ग्रामीणों के लिए लगातार परेशानी का कारण बना हुआ है। आए दिन बिजली गुल होने, लो वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति से ग्रामीणों को जूझना पड़ रहा है। खासकर बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो जाती है। ग्रामीणों के अनुसार हाल के दिनों में लगातार चार-पांच दिनों तक लो वोल्टेज की स्थिति बनी रही जिससे घरेलू उपकरणों के संचालन के साथ बच्चों की पढ़ाई और दैनिक कार्य भी प्रभावित हुए। ग्रामीणों का कहना है कि मुर्गाघुट्टू से राजदोहा तक आने वाली 11 हजार वोल्ट की मुख्य विद्युत लाइन काफी पुरानी हो चुकी है। कई स्थानों पर लाइन और उससे जुड़े विद्युत ढांचे के नियमित रखरखाव की जरूरत है। आरोप है कि समय पर मेंटेनेंस नहीं होने के कारण हल्की बारिश और हवा के बाद भी बिजली आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। ग्रामीणों के मुताबिक समस्या केवल बिजली कटौती तक सीमित नहीं है। लो वोल्टेज के कारण विद्युत उपकरणों के खराब होने का खतरा भी बना रहता है। जयराम सोरेन ने बताया कि वर्ष 2025 में भी जादूगोड़ा विद्युत विभाग के एसडीओ को समस्या से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद मुर्गाघुट्टू से राजदोहा तक मुख्य 11 हजार वोल्ट लाइन के स्थायी मेंटेनेंस की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं हुई। ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक, मुखिया, जिला परिषद सदस्य और पंचायत प्रतिनिधियों से भी मामले में पहल की मांग की है। उनका कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मुर्गाघुट्टू-राजदोहा मुख्य लाइन का विशेष निरीक्षण कराने, जर्जर तार, पोल और अन्य विद्युत उपकरणों की जांच कर आवश्यकतानुसार बदलने तथा नियमित मेंटेनेंस सुनिश्चित करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आज की बुनियादी जरूरत है इसलिए विभाग को स्थायी समाधान की दिशा में ठोस पहल करनी चाहिए।

इन्हें भी पढ़ें.