ताज़ा-ख़बर

रिचूघुटा में ग्रामीणों की हुंकार, 70 वर्षों के विकास दावों पर उठाये सवाल, 9 जून को होगी विशाल जनसभा

रिपोर्ट: Santosh Kumar1 घंटे पहलेझारखण्ड

कोल साइडिंग परियोजना से पहले रोजगार और सुविधाएं दो, नहीं तो होगा आंदोलन : पवन कुमार

रिचूघुटा में ग्रामीणों की हुंकार, 70 वर्षों के विकास दावों पर उठाये सवाल, 9 जून को होगी विशाल जनसभा

लातेहार : सदर प्रखंड की पेशारार पंचायत अंतर्गत रिचूघुटा गांव में रविवार को देदरिया, भूसूर और आसपास के प्रभावित गांवों के ग्रामीणों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में हिंडालको बॉक्साइट साइडिंग एवं डीवीसी कंपनी द्वारा प्रस्तावित नई कोयला साइडिंग परियोजना को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता लातेहार विधायक प्रतिनिधि पवन कुमार ने की जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। बैठक को संबोधित करते हुए पवन कुमार ने कहा कि हिंडालको कंपनी लगभग 70 वर्षों से इस क्षेत्र में कार्य कर रही है लेकिन आज भी स्थानीय ग्रामीण सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और रोजगार जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी द्वारा विकास के बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं लेकिन धरातल पर इसका लाभ स्थानीय लोगों को नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के प्राकृतिक संसाधनों का उपयोग कर कंपनियां लाभ अर्जित कर रही हैं लेकिन स्थानीय युवाओं को रोजगार और गांवों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के मामले में गंभीर उदासीनता बरती गई है। पवन कुमार ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं किया जाता और स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता नहीं दी जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। बैठक में डीवीसी की प्रस्तावित कोल साइडिंग परियोजना पर भी चर्चा हुई। ग्रामीणों ने एक स्वर में कहा कि परियोजना शुरू करने से पहले क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाए तथा स्थानीय युवाओं को रोजगार की गारंटी दी जाए। अन्यथा किसी भी परिस्थिति में साइडिंग परियोजना को शुरू नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी 9 जून को लातेहार विधायक प्रकाश राम की उपस्थिति में एक विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी जिसमें लगभग पांच हजार ग्रामीणों के शामिल होने की संभावना है। जनसभा के बाद उपायुक्त को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा जाएगा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। बैठक के दौरान स्थानीय हितों की अनदेखी को लेकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी भी देखने को मिली। इस अवसर पर सुनील कुमार गुप्ता, उमेश कुमार सिंह, राजेंद्र सिंह, करू प्रसाद, बसंत सिंह, बबलू प्रसाद, अरुण कुमार सिंह, राहुल सिंह, राजदेव प्रसाद, श्याम लाल उरांव, विनोद राम, बीरबल सिंह, कलदेव गंजू, गुप्ता प्रसाद, सुनील मुंडा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं महिलाएं उपस्थित थीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र के समग्र विकास और रोजगार के मुद्दे पर एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया।

इन्हें भी पढ़ें.