एयरटेल टावर का ग्रामीणों ने किया विरोध, रोक लगाने की मांग
ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी व थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने का अनुरोध किया है।

हिरणपुर (पाकुड़): हिरणपुर बाजार स्थित घनी आबादी वाले क्षेत्र में बन रहे मोबाइल टावर को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध जताया है। लोगों ने आरोप लगाया है कि मोहल्ले के बीचों-बीच टावर लगाए जाने से आमजन के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी व थाना प्रभारी को लिखित आवेदन सौंपकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने का अनुरोध किया है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित टावर से आसपास के घरों की दूरी महज लगभग पांच फीट है, जिससे टावर से निकलने वाले रेडिएशन के कारण स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की आशंका बनी हुई है।
टावर के संचालन के लिए 11,000 वोल्ट की विद्युत आपूर्ति लाई जाएगी, जिससे विद्युत दुर्घटना का खतरा भी बना रहेगा। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने व आबादी से दूर उपयुक्त स्थान पर टावर स्थापित करने की मांग की है। इस सम्बंध में एयरटेल कम्पनी के सन्नी कुमार से सम्पर्क करने पर बताया कि इस स्थल पर टावर लगाने को लेकर पूर्व से ही निर्धारित की गई थी। कार्य के दौरान स्थानीय लोगो ने विरोध जताया है। इसको लेकर अंचलाधिकारी को जानकारी दे दी गई है।