वात्सल्य बालिका गृह से दो नाबालिगों के फरार होने पर सख्त हुए उपायुक्त, जांच के आदेश
बच्चियों की सुरक्षा में लापरवाही बर्दाश्त नहीं - डीसी नीतीश कुमार सिंह ने कहा, दोषियों पर होगी कार्रवाई

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित जन सहभागी विकास केंद्र द्वारा संचालित वात्सल्य बालिका गृह से दो नाबालिग लड़कियों के फरार होने की घटना के 72 घंटे बाद प्रशासनिक स्तर पर सख्ती बढ़ा दी गई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने जांच के निर्देश दिए हैं और स्पष्ट कहा है कि बच्चियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जानकारी के अनुसार मंगलवार देर रात बालिका गृह से दो नाबालिग लड़कियां अचानक गायब हो गई थीं। इनमें एक जमशेदपुर के पटमदा थाना क्षेत्र तथा दूसरी सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है। घटना के बाद बालिका गृह प्रबंधन द्वारा संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई जिसके बाद सीडब्ल्यूसी अधिकारी संतोष कुमार ठाकुर ने गम्हरिया थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस टीम लगातार दोनों बच्चियों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद बालिका गृह की सुरक्षा व्यवस्था और संस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों का कहना है कि जिस संस्था पर नाबालिग बच्चियों की सुरक्षा और संरक्षण की जिम्मेदारी है वहां से दो लड़कियों का फरार हो जाना बेहद चिंताजनक है। उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बालिका गृह में रहने वाली बच्चियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित संस्था और जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन पूरे मामले की निगरानी कर रहा है और पुलिस को बच्चियों की शीघ्र बरामदगी के निर्देश दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि बीते 15 अप्रैल को ही उपायुक्त द्वारा इस वात्सल्य बालिका गृह का उद्घाटन किया गया था। उद्घाटन के डेढ़ महीने के भीतर ही इस तरह की घटना सामने आने से संस्था की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन क्षमता पर सवाल खड़े हो गए हैं। सूत्रों के अनुसार अब बालिका गृह में सीसीटीवी निगरानी, सुरक्षा व्यवस्था, महिला कर्मियों की तैनाती और उपस्थिति रजिस्टर समेत अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर छापेमारी कर दोनों नाबालिगों की तलाश में जुटी हुई है।