ताज़ा-ख़बर

बरवाडीह में विश्व हिंदू परिषद की बैठक संपन्न, अंकित गुप्ता बने बजरंग दल संयोजक

रिपोर्ट: अकरम 6 घंटे पहलेझारखण्ड

पंचायत से गांव तक संगठन विस्तार की तैयारी, सनातनियों को जोड़ने पर जोर

बरवाडीह में विश्व हिंदू परिषद की बैठक संपन्न, अंकित गुप्ता बने बजरंग दल संयोजक

बरवाडीह, लातेहार : बरवाडीह बाजार स्थित पंचमुखी मंदिर प्रांगण में रविवार को विश्व हिंदू परिषद की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, युवाओं की भागीदारी और ग्राम स्तर तक समिति गठन को लेकर व्यापक चर्चा हुई। इस दौरान सर्वसम्मति से अंकित गुप्ता उर्फ बिट्टू को बजरंग दल का संयोजक मनोनीत किया गया। बैठक में मुख्य रूप से विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री संजय तिवारी उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता कतरू प्रजापति ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और सनातन समाज को एकजुट करने पर विशेष बल दिया गया। जिला मंत्री संजय तिवारी ने कहा कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल का उद्देश्य समाज में सांस्कृतिक एवं धार्मिक चेतना को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि संगठन अब प्रखंड स्तर के साथ-साथ पंचायत और गांव स्तर तक अपनी सक्रियता बढ़ाएगा। इसके लिए विभिन्न क्षेत्रों में बैठक कर नई समितियों का गठन किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक सनातनी परिवारों को संगठन से जोड़ा जा सके। बैठक में पूर्णकालिक कार्यकर्ता कतरू प्रजापति ने बजरंग दल की भूमिका, संगठनात्मक जिम्मेदारियों और युवाओं की भागीदारी पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज में सेवा, सुरक्षा और संस्कार के भाव को मजबूत करने के लिए संगठन लगातार कार्य कर रहा है। बैठक में आगामी रविवार को फिर से विशेष बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस बैठक में बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी समिति का विस्तार किया जाएगा। संगठन पदाधिकारियों ने कहा कि महिलाओं और युवतियों की सहभागिता बढ़ाने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। कार्यक्रम में मातृशक्ति संयोजिका श्यामली शर्मा, दुर्गा वाहिनी संयोजिका अर्चना कुमारी, विनय चंदेल, रिंकी देवी, माया कुमारी, प्रकाश सिंह, आकाश कुमार कसेरा, शंकर कुमार, अभय कुमार सहित कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। बैठक के दौरान संगठन को गांव-गांव तक सक्रिय करने का संकल्प भी लिया गया।

इन्हें भी पढ़ें.