ताज़ा-ख़बर

वीवीपीएस का सीबीएसई 10वीं में शानदार प्रदर्शन

रिपोर्ट: VBN News Desk1 दिन पहलेझारखण्ड

100% रहा रिजल्ट, प्रिंस कुमार झा 97.2% के साथ बने स्कूल टॉपर

वीवीपीएस का सीबीएसई 10वीं में शानदार प्रदर्शन

रांची। वीवीपीएस, रांची के विद्यार्थियों ने एक बार फिर सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। इस वर्ष परीक्षा में शामिल सभी 80 विद्यार्थियों ने सफलता हासिल कर 100 प्रतिशत परिणाम दर्ज किया, जिससे विद्यालय की उत्कृष्ट परंपरा बरकरार रही।

विद्यालय के टॉपर्स में प्रिंस कुमार झा ने 97.2 प्रतिशत अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया। इसके बाद सेजान तौसीफ और पीयूष कुमार सिंह ने 95.6-95.6 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। आस्था सिंह 95.2 प्रतिशत अंक के साथ चौथे स्थान पर रहीं। वहीं वंशिका शैलजा (92.6%), मिस्टी आकांक्षा (92.4%), दामिनी कुमारी (92%), परी कुमारी (91.6%), रिया कुमारी (91.4%), अंकिता कुमारी (90.8%) और अक्षरा केसरी (90%) ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप सूची में जगह बनाई।

विषयवार उपलब्धियों में सूचना प्रौद्योगिकी में प्रिंस कुमार झा ने 100 अंक प्राप्त किए। अंग्रेजी में आस्था सिंह और पीयूष कुमार सिंह ने 98 अंक हासिल किए। हिंदी में वंशिका शैलजा ने 95 अंक प्राप्त किए, जबकि संस्कृत में पीयूष कुमार सिंह और प्रिंस कुमार झा ने 99 अंक अर्जित किए। विज्ञान में सेजान तौसीफ ने 98 अंक प्राप्त किए, वहीं सामाजिक विज्ञान में पीयूष कुमार सिंह ने 98 अंक हासिल किए। गणित में आस्था सिंह ने 85 अंक प्राप्त किए।

विद्यालय की निदेशक प्रभा सिंह ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छात्रों ने न केवल अपने अभिभावकों और शिक्षकों, बल्कि पूरे विद्यालय का नाम गर्व से ऊंचा किया है।

प्रधानाचार्या जया प्रसाद ने कहा कि विद्यालय ने हमेशा उत्कृष्टता की परंपरा को बनाए रखा है। पूर्व विद्यार्थियों से प्रेरणा लेकर वर्तमान कक्षा 10 के छात्रों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग को दिया।

इन्हें भी पढ़ें.