नीमडीह के डीटांड में करंट लगने से जंगली हाथी की मौत, 11 हजार वोल्ट के तार की चपेट में आया 40 वर्षीय दंतैल हाथी
खेत की मेड़ पार करते समय हुआ हादसा, बिजली तार की ऊंचाई को लेकर ग्रामीणों ने उठाए सवाल

नीमडीह : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह प्रखंड अंतर्गत गुंडा गांव के डीटांड टोला में सोमवार रात 11 हजार वोल्ट के बिजली तार की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई। मृत हाथी की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है। घटना रात लगभग नौ बजे की है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हाथी चांडिल वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान वह खेत की मेड़ पार कर हुंरुडीह की ओर बढ़ रहा था। मेड़ पार करने के क्रम में हाथी नीचे लटक रहे 11 हजार वोल्ट के बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। सूचना पर वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। वन विभाग के कर्मियों ने हाथी की मौत से संबंधित आवश्यक जानकारी जुटाई। घटना के बाद ग्रामीणों में बिजली व्यवस्था को लेकर नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट का बिजली तार नीचे लटक रहा था। उनका कहना है कि यदि तार निर्धारित सुरक्षित ऊंचाई पर होता तो इस तरह की घटना को रोका जा सकता था। हाथी की मौत के बाद बिजली विभाग की व्यवस्था और हाईटेंशन तारों के रखरखाव को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि तार की वास्तविक ऊंचाई और हादसे के तकनीकी कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल वन विभाग की टीम मामले की जानकारी जुटा रही है।