चांडिल वन क्षेत्र में जंगली हाथियों का कहर, एक ही परिवार की दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, तीन गंभीर
वन विभाग पर लापरवाही का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश - समय रहते कार्रवाई होती तो बच सकती थीं जानें

इंचागढ़ : सरायकेला-खरसावां के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत ईचागढ़ थाना क्षेत्र की सोड़ो पंचायत के हाड़ात गांव में जंगली हाथियों के हमले से एक ही परिवार की दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। मृतकों की पहचान चाइना देवी और अमिता कुमारी के रूप में हुई है। वहीं कमलचंद महतो, मोहन महतो और सतुला देवी गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कई दिनों से जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार हो रही थी। इसकी सूचना कई बार वन विभाग को दी गई लेकिन समय पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों का आरोप है कि यदि विभाग पहले ही सक्रिय हो जाता तो इतनी बड़ी त्रासदी टाली जा सकती थी। घटना के बाद वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची लेकिन ग्रामीणों ने विभाग के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा, घायलों के बेहतर इलाज और हाथियों के स्थायी समाधान की मांग की है।