ताज़ा-ख़बर

10 माह के मासूम के साथ महिला ने कथित तौर पर की आत्महत्या की कोशिश

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

बच्चे संग आग लगाकर छत से कूदी महिला, दोनों गंभीर

10 माह के मासूम के साथ महिला ने कथित तौर पर की आत्महत्या की कोशिश

धनबाद के भूली आजाद नगर में सनसनीखेज घटना

धनबाद। धनबाद के भूली थाना क्षेत्र स्थित आजाद नगर में बुधवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां 23 वर्षीय महिला ने अपने 10 महीने के मासूम बच्चे के साथ कथित तौर पर आग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। आग लगाने के बाद महिला बच्चे को लेकर छत से नीचे कूद गई। हादसे में महिला और बच्चा गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों का इलाज अशर्फी अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, आजाद नगर निवासी इमामुल अंसारी की बहू और शाहनवाज अंसारी उर्फ राजा की पत्नी सुहाना खातून ने अपने 10 महीने के बेटे फैजान के साथ कथित तौर पर आग लगा ली। इसके बाद वह बच्चे को लेकर छत से नीचे कूद गई। बताया जाता है कि महिला बगल में स्थित अधिवक्ता श्रीकांत वर्मा के कार्यालय में जा गिरीं। गिरने से कार्यालय की करकट की सीट टूट गई और महिला टेबल पर जा गिरी।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से महिला और बच्चे को तत्काल अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

इधर, महिला के पिता मोहम्मद गुलाम रसूल ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि बेटी का ससुराल में विवाद चल रहा था और घटना से एक दिन पहले भी पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। उन्होंने साजिश की आशंका जताते हुए घर में लगे सीसीटीवी कैमरे और टीवी फुटेज की जांच कराने की मांग की है।

वहीं, महिला के पति शाहनवाज अंसारी उर्फ राजा ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि घटना के समय वह अपने माता-पिता के साथ सामान लेने बाहर गए हुए थे। घर लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद महिला और बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की जांच में पुलिस जुटी हुई है।

इन्हें भी पढ़ें.