गोला थाना क्षेत्र के चक्रवाली गांव में महिला की गला रेतकर हत्या, प्रेम प्रसंग की आशंका
पुलिस ने आस-पास के लोगों से मिस्त्री के बारे में जानकारी देने की अपील की है।

रामगढ़ : गोला थाना क्षेत्र के चक्रवाली गांव में शनिवार देर शाम 29 वर्षीय मंजू देवी की गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका के पति कलेन्द्र मुंडा ने बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ चोपादारू मेला देखने गया था। मेला से लौटते समय उसने बच्चों को स्वजनों के पास छोड़ दिया और पत्नी के साथ घर लौट आया। घर लौटने के बाद कलेन्द्र मुंडा मुर्गा लाने मगनपुर चला गया। लौटने पर उसने अपनी पत्नी को किचन में खून से लथपथ हालत में पाया। मंजू देवी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मृतका मंजू देवी का प्रेम प्रसंग गांव में काम कर रहे एक अलमारी मिस्त्री से चल रहा था। बताया जा रहा है कि मंजू देवी ने भारत माला परियोजना के तहत जमीन के बदले पैसा मिलने के बाद मिस्त्री से बात करना बंद कर दिया था। प्रेम प्रसंग में आई दरार को हत्या की वजह माना जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही गोला पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीपीओ परमेश्वर प्रसाद ने देर रात घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस को शव के पास से धारदार हथियार के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं। किचन का पूरा कमरा खून से लथपथ था। मृतका के पति कलेन्द्र मुंडा हाल ही में मजदूरी का काम छोड़कर गांव आया था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने आस-पास के लोगों से मिस्त्री के बारे में जानकारी देने की अपील की है। हालांकि, ग्रामीण इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। वहीं एसडीपीओ ने कहा कि हत्या की जांच के लिए टीम गठित की गई है। अपराधी को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।
गोला से दिलीप करमाली की रिपोर्ट