अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर व्यवहार न्यायालय परिसर, मंडल कारा एवं वृद्धाश्रम स्नेहदीप में योग शिविर का आयोजन
इस संबंध मे सचिव डीएलएसए मो सफदर अली नैयर ने कहा कि योग के द्वारा शरीर के साथ-साथ मन मस्तिष्क को भी स्वस्थ रखा जा सकता है।

गिरिडीह: उच्च न्यायालय, झारखंड एवं झालसा, रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष गिरिडीह मार्तंड प्रताप मिश्रा के मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को व्यवहार न्यायालय परिसर, मंडल कारा एवं वृद्धाश्रम "स्नेहदीप" में योग शिविर का आयोजन किया गया।
इस योग शिविर का शुभारंभ अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह ने किया। तत्पश्चात प्रशिक्षित योग गुरु आनंद राणा के द्वारा बताए गए योग के विभिन्न आसनों को समस्त न्यायिक पदाधिकारियों तथा कर्मचारियों ने किया । इस कार्यक्रम के संबंध में प्रकाश डालते हुए श्री मिश्रा ने कहा कि वास्तव में योग समस्त मानव प्रजाति के कल्याण के लिए हमारे भारतवर्ष के महान मनीषियों के द्वारा दिया गया अनुपम उपहार है। आज की इस व्यस्ततम दिनचर्या एवं तनाव भरे माहौल के दौर में हम सभी लोगों को निरंतर योग करना चाहिए ताकि हम अपने शरीर स्वस्थ रख सकें।
इस संबंध मे सचिव डीएलएसए मो सफदर अली नैयर ने कहा कि योग के द्वारा शरीर के साथ-साथ मन मस्तिष्क को भी स्वस्थ रखा जा सकता है। साथ ही गिरिडीह जिले के सभी प्रखंडों एवं अन्य संस्थानों में संचालित किए जा रहे विधिक सहायता केंद्रों में भी पारा लीगल वालंटियर्स एवं पैनल अधिवक्ताओं के माध्यम से योग शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर सभी न्यायिक पदाधिकारी एवं कर्मचारियों एवं पारा लीगल वॉलिंटियर्स, पैनल अधिवक्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही।