ताज़ा-ख़बर

गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की हुई मौत, एक घायल

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

गलत दिशा से आ रहे ट्रैक्टर की टक्कर में युवक की हुई मौत, एक घायल

हरिहरगंज (पलामू) : हरिहरगंज प्रखंड क्षेत्र के एनएच-139 स्थित महादेव ढाबा के समीप शुक्रवार की रात करीब 8 बजे सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि गलत दिशा से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं घायल युवक को स्थानीय लोगों की सहायता से एनएचएआई की एंबुलेंस के माध्यम से हरिहरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां उसका इलाज किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही हरिहरगंज थाना के एएसआई अभय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान बिहार के औरंगाबाद जिले के बालूगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नीमडीह गांव निवासी सुनील मेहता के रूप में हुई है। वह हरिहरगंज स्थित आदर्श क्लिनिक में कार्यरत थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना का मुख्य कारण गलत दिशा से आ रहा ट्रैक्टर था।

**अक्सर गलत दिशा में चलते हैं वाहन ** स्थानीय लोगों का कहना है कि हरिहरगंज टोल प्लाजा से लेकर रक्सेल- तेन्दुआ बाईपास तक अक्सर वाहन गलत दिशा में चलते हैं। इससे आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। इस मार्ग पर नियमित निगरानी व यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराया जाए। इससे भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके। फिलहाल पुलिस घटना की जांच में लगी हुई है।

इन्हें भी पढ़ें.