ताज़ा-ख़बर

जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने 250 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, शिक्षा को बताया विकास की सबसे बड़ी ताकत

रिपोर्ट: MANISH 12 घंटे पहलेझारखण्ड

कुकड़ू में जिला स्तरीय छात्रवृत्ति सम्मान समारोह सम्पन्न, मधुश्री महतो ने बेटा-बेटी को समान शिक्षा देने का दिया संदेश

जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने 250 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित, शिक्षा को बताया विकास की सबसे बड़ी ताकत

ईचागढ़ : सरायकेला-खरसावां जिले के कुकड़ू में आयोजित जिला स्तरीय रामन्या प्रतिभा छात्रवृत्ति परीक्षा सम्मान समारोह में जिले भर के 250 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। यदि बच्चों को उचित मार्गदर्शन, संसाधन और अवसर मिले तो वे राज्य ही नहीं देश का भी नाम रोशन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे मजबूत आधार है तथा सरकार और जनप्रतिनिधि हमेशा प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के साथ खड़े हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा बेटा-बेटी के बीच किसी प्रकार का भेदभाव न करें। उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज ही समृद्ध समाज की पहचान है। समारोह में बड़ी संख्या में शिक्षक, अभिभावक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

इन्हें भी पढ़ें.