सीबीएसई 10वीं बोर्ड परीक्षा में कलकत्ता पब्लिक स्कूल के शत-प्रतिशत छात्र सफल
नैतिक राज गुप्ता बने टॉपर, कई विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक हासिल किए

रांची। सीबीएसई, नई दिल्ली द्वारा आयोजित 10वीं बोर्ड परीक्षा में कलकत्ता पब्लिक स्कूल, ओरमांझी के छात्रों ने इस वर्ष शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की। विद्यालय के सभी 81 परीक्षार्थी सफल घोषित हुए, जिससे स्कूल में खुशी का माहौल है।
इस परीक्षा में नैतिक राज गुप्ता ने 94% अंक प्राप्त कर विद्यालय टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल विद्यालय बल्कि क्षेत्र का भी नाम रोशन किया है। वहीं गौरव करमाली ने 93% अंक के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया। तीसरे स्थान पर आरुतोष कुमार गुप्ता रहे, जिन्होंने 92.4% अंक हासिल किए। अनामिका कुमारी ने 92% अंक प्राप्त कर चौथा स्थान और रविकांत करमाली ने 88.5% अंक के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।
परिणाम विश्लेषण के अनुसार विद्यालय के 4 विद्यार्थियों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए, जो विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। इसके अलावा 85% से 89.5% के बीच 10 विद्यार्थी, 80% से 84.5% के बीच 14 विद्यार्थी तथा 75% से 79.5% के बीच 9 विद्यार्थियों ने अंक प्राप्त किए। इस प्रकार बड़ी संख्या में छात्रों ने अच्छे अंकों के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की।
विषयवार प्रदर्शन में भी छात्रों ने उत्कृष्ट उपलब्धि हासिल की। समाजशास्त्र में गौरव करमाली ने 99% अंक प्राप्त कर सर्वाधिक अंक हासिल किए। विज्ञान विषय में नैतिक राज गुप्ता और आरुतोष कुमार गुप्ता ने 96% अंक प्राप्त किए। अंग्रेजी में 95% अंक प्राप्त किए गए, जबकि हिंदी विषय में सुश्री सुनिधि कुमारी ने 95% अंक हासिल किए। आईटी विषय में नैतिक राज गुप्ता और आरुतोष कुमार गुप्ता ने 95% अंक प्राप्त किए। गणित में रविकांत करमाली और सुश्री कृतिका कुमारी ने 96% अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
विद्यालय के उपाध्यक्ष प्रभाष कुमार झा, प्रिंसिपल प्रियंवदा झा और डायरेक्टर मिथिलेश कुमार मिश्रा ने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी विद्यालय के छात्र इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन करते रहेंगे और समाज व देश का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय परिवार ने सभी सफल विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी लगन और परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।