भूमि पूजन के साथ दसवीं भव्य भजन संध्या का शुभारंभ, 10 अगस्त को शिवभक्ति में डूबेगा एग्रिको
श्री नीलकंठ महादेव संघ की तैयारियां तेज, भजन संध्या के बाद विशाल महाभंडारे का होगा आयोजन

जमशेदपुर : पवित्र श्रावण मास की दूसरी सोमवारी के शुभ अवसर पर भगवान भोलेनाथ की आराधना को समर्पित श्री नीलकंठ महादेव संघ द्वारा आयोजित होने वाली दसवीं भव्य भजन संध्या एवं विशाल महाभंडारे की तैयारियों का विधिवत शुभारंभ बुधवार को एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार और भूमि पूजन के साथ किया गया। आगामी 10 अगस्त को आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम को लेकर संघ के सदस्यों में उत्साह का माहौल है। भूमि पूजन के दौरान संघ के सभी सदस्य उपस्थित रहे और विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर आयोजन की सफलता, क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। धार्मिक अनुष्ठान के बाद कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा करते हुए विभिन्न समितियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं तथा तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। संघ के सदस्य अरविन्द कुमार ने बताया कि भजन संध्या को लेकर सभी तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इस वर्ष भी देश के प्रसिद्ध एवं ख्यातिप्राप्त भजन गायक अपनी भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को शिवभक्ति के रंग में सराबोर करेंगे। उन्होंने बताया कि आमंत्रित कलाकारों के नामों की घोषणा शीघ्र की जाएगी। उन्होंने कहा कि भजन संध्या के समापन के बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों शिवभक्त महाप्रसाद ग्रहण करेंगे। कार्यक्रम से संबंधित विस्तृत समय-सारिणी और अन्य जानकारियां भी जल्द सार्वजनिक की जाएंगी। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए सभी सदस्य तन, मन और धन से सेवा भाव के साथ जुटे हुए हैं। भूमि पूजन के अवसर पर पंकज कुमार, अरविन्द कुमार, बालकृष्ण प्रसाद, अजीत कुमार, रविशंकर सिंह, विकास कुमार, रणवीर मंडल, मुनीम सिंह, राज सिंह, जयपाल भगत, राजभुवन, सतीश, पिंटू, रणजीत सरकार, अमित सिन्हा, संतोष सिन्हा, राजू सानन, महेंद्र शुक्ला, सुनील, धनंजय मंडल, मनोज कुमार, दिलीप पासवान, जितेंद्र प्रसाद, बिट्टू राय सहित संघ के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।