बड़कागांव में पुलिस-अपराधियों के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से एक शातिर गिरफ्तार
बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, पिस्टल के साथ आरोपी दबोचा, दो अपराधियों की तलाश में जंगल में कॉम्बिंग जारी

*रिपोर्ट : अजय कुमार
बड़कागांव, हजारीबाग : बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर स्थित 13 माइल के समीप चक्रवार घाटी के घने जंगल में बुधवार तड़के पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर अपराधी गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार सघन कॉम्बिंग अभियान चला रही है। जानकारी के अनुसार यह मुठभेड़ सुबह करीब 3 से 4 बजे के बीच हुई। गिरफ्तार अपराधी की पहचान सैयद मोहम्मद निशान के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी के पास से एक पिस्टल और एक प्रयुक्त खोखा बरामद किया गया है। बताया गया कि बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि चक्रवार घाटी के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की। इसी दौरान एक गोली सैयद मोहम्मद निशान के पैर में लगी जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसके दो साथी मौके से भाग निकलने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार स्वयं पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उनके निर्देश पर फरार अपराधियों की तलाश में आसपास के जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई होने से किसी बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि उसके फरार साथियों, आपराधिक नेटवर्क और संभावित साजिश के संबंध में अहम जानकारी मिल सके। वहीं पुलिस ने जल्द ही फरार अपराधियों को भी गिरफ्तार करने का दावा किया है।