ताज़ा-ख़बर

जिला स्थापना दिवस पर 117 झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

समारोह समाप्त होने के उपरांत आंदोलनकारियों ने “दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें”, “हेमंत सोरेन जिंदाबाद” समेत कई नारे लगाए।

जिला स्थापना दिवस पर 117 झारखंड आंदोलनकारियों को किया गया सम्मानित

गिद्धौर (चतरा) प्रखंड कार्यालय सभागार में शुक्रवार को प्रखंड स्तरीय झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित करने हेतु भव्य समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम चतरा जिला स्थापना दिवस के अवसर पर प्रखंड प्रशासन की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में झारखंड आंदोलनकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित हुए।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से बीडीओ राहुल देव, सीओ अनंत सयनम विश्वकर्मा तथा जेएमएम प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार वर्मा मौजूद रहे। अतिथियों ने संयुक्त रूप से 117 झारखंड आंदोलनकारियों को प्रशस्ति पत्र, मोमेंटो एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। समारोह के दौरान आंदोलनकारियों के संघर्ष एवं झारखंड राज्य निर्माण में उनके योगदान की सराहना की गई।

मौके पर वक्ताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही अलग झारखंड राज्य का सपना साकार हो सका। ऐसे लोगों का सम्मान करना समाज एवं सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों ने अपने अधिकारों और पहचान के लिए वर्षों तक संघर्ष किया, जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।

सम्मान प्राप्त करने के बाद आंदोलनकारियों में काफी उत्साह देखा गया। समारोह समाप्त होने के उपरांत आंदोलनकारियों ने “दिशोम गुरु शिबू सोरेन अमर रहें”, “हेमंत सोरेन जिंदाबाद” समेत कई नारे लगाए। पूरा सभागार नारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में राजूलाल वर्मा, महादेव दांगी सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं आंदोलनकारी उपस्थित थे। समारोह शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

इन्हें भी पढ़ें.