ताज़ा-ख़बर

125 करोड़ के साइबर फ्रॉड का खुलासा, जामताड़ा गैंग का मास्टरमाइंड चांद समेत चार गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk7 घंटे पहलेझारखण्ड

5,613 से अधिक लोगों के मोबाइल हैक कर ठगी का आरोप, 1,248 फर्जी APK फाइलें कीं तैयार

125 करोड़ के साइबर फ्रॉड का खुलासा, जामताड़ा गैंग का मास्टरमाइंड चांद समेत चार गिरफ्तार

सूरत। गुजरात के सूरत साइबर क्राइम सेल ने देशभर में साइबर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 5,613 से अधिक लोगों के मोबाइल फोन हैक कर 125.39 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की है।

गिरफ्तार आरोपितों में जहुरुल अंसारी उर्फ चांद को जामताड़ा से संचालित साइबर ठगी गिरोह का मास्टरमाइंड बताया गया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने झारखंड के जामताड़ा और देवघर से लेकर बिहार के पटना तक करीब 2,456 किलोमीटर की दूरी तय कर आरोपितों तक पहुंच बनाई।

सूरत के एडिशनल सीपी, क्राइम ब्रांच करणराज वाघेला के अनुसार, जहुरुल अंसारी उर्फ चांद ने अब तक 1,248 APK फाइलें तैयार की थीं। इन फाइलों को देशभर में सक्रिय साइबर ठग गिरोहों तक पहुंचाया जाता था।

8 हजार में खरीद, 70 हजार तक में बिक्री

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी करीब 8 हजार रुपये में APK फाइल हासिल करते थे और उसे अलग-अलग साइबर गिरोहों को 10 हजार से 70 हजार रुपये तक में बेचते थे। बैंक, आरटीओ चालान, केवाईसी, सरकारी योजनाओं और अस्पतालों के नाम पर फर्जी APK तैयार कर इन्हें व्हाट्सऐप के जरिए लोगों तक पहुंचाया जाता था।

आरोपितों द्वारा ‘PNB One.APK’ नाम से पंजाब नेशनल बैंक के वास्तविक एप्लिकेशन जैसी दिखने वाली फाइल भी भेजी जाती थी। मोबाइल में फाइल इंस्टॉल होते ही आरोपितों को डिवाइस तक पहुंच मिल जाती थी। इसके बाद मोबाइल और बैंकिंग संबंधी जानकारी का इस्तेमाल कर खातों से रकम ट्रांसफर की जाती थी। ठगी की रकम म्यूल बैंक खातों और कैश डिपॉजिट मशीनों के जरिए आगे पहुंचाई जाती थी।

31 हजार से ज्यादा मोबाइल में पहुंचीं फर्जी APK

जांच में सामने आया कि गिरोह की करीब 336 फर्जी APK फाइलें 31,174 से अधिक मोबाइल उपकरणों में इंस्टॉल हो चुकी थीं। इनके जरिए देशभर में बड़ी संख्या में लोगों को निशाना बनाया गया।

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और देशभर में फैले साइबर नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।

साइबर ठगी से बचने की अपील

साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों से व्हाट्सऐप, एसएमएस या अनजान लिंक के माध्यम से प्राप्त किसी भी APK फाइल को डाउनलोड नहीं करने की अपील की है। बैंक, आरटीओ चालान, केवाईसी अपडेट या सरकारी योजना के नाम पर भेजे गए संदिग्ध लिंक से भी सावधान रहने को कहा गया है।

पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।

इन्हें भी पढ़ें.