भोलेनाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के नि:शुल्क हेल्थ कैंप में 41 मरीजों को जांच-दवा का लाभ
पटेल मेडिकल, चटकपुर बाजार में लगा शिविर; स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. सिंह ने दी प्रजनन स्वास्थ्य पर विशेष सलाह

रांची। भोलेनाथ हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर की ओर से रविवार को सुंडील मनातू क्षेत्र में नि:शुल्क हेल्थ चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। यह शिविर चटकपुर बाजार स्थित पटेल मेडिकल परिसर में लगाया गया, जहां सुबह से ही मरीजों की भीड़ देखी गई।
कैंप में सामान्य बीमारियों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई गईं। कुल 41 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें मौके पर ही दवाएं दी गईं। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, ग्रामीण और आसपास के इलाकों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह पहल की गई।
शिविर में स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. पी. सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं को प्रजनन स्वास्थ्य, गर्भावस्था और प्रसवपूर्व देखभाल के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मासिक धर्म संबंधी विकार, एंडोमेट्रियोसिस, पीसीओएस तथा बांझपन (आईवीएफ) से जुड़ी समस्याओं पर भी परामर्श दिया।
डॉ. सिंह ने कहा कि महिलाओं को नियमित स्वास्थ्य जांच करानी चाहिए और किसी भी समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। शिविर के दौरान महिलाओं ने खुलकर अपनी समस्याएं साझा कीं और विशेषज्ञ से मार्गदर्शन प्राप्त किया। स्थानीय लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की।