ताज़ा-ख़बर

दून एक्सप्रेस के जनरल कोच में मिले 48 जिंदा कछुए, गोमो स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

तीन थैले और एक बैग में भरकर लाए गए थे 48 कछुए, लावारिस छोड़ तस्कर फरार

दून एक्सप्रेस के जनरल कोच में मिले 48 जिंदा कछुए, गोमो स्टेशन पर RPF की बड़ी कार्रवाई

धनबाद : वन्यजीव तस्करी के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन WILEP के तहत बड़ी कार्रवाई की है। धनबाद जिले के गोमो रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने योग नगरी ऋषिकेश से हावड़ा जा रही दून एक्सप्रेस के जनरल कोच से 48 जिंदा कछुए बरामद किए। कछुओं को तीन थैले और एक बैग में भरकर लावारिस हालत में रखा गया था। बरामद कछुओं को बाद में वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। जानकारी के अनुसार 11 और 12 सितंबर की दरम्यानी रात ट्रेन संख्या 13010 योग नगरी ऋषिकेश-हावड़ा दून एक्सप्रेस में गया से धनबाद तक आरपीएफ का मार्गरक्षण दल तैनात था। ट्रेन की जांच के दौरान जनरल कोच में तीन थैले और एक बैग लावारिस अवस्था में मिले। आरपीएफ जवानों ने आसपास बैठे यात्रियों से सामान के संबंध में पूछताछ की लेकिन किसी भी यात्री ने इन पर अपना दावा नहीं किया। सामान संदिग्ध प्रतीत होने पर आरपीएफ ने नियमानुसार उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान थैलों और बैग के अंदर Indian Flapshell (Lissemys punctata) प्रजाति के कुल 48 जीवित कछुए मिले। कछुओं के बरामद होने के बाद आरपीएफ ने तत्काल उन्हें कब्जे में लिया। आरपीएफ के उप निरीक्षक मोहम्मद शाकिब आलम ने गोमो रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या दो पर बरामद कछुओं को जब्त कर आरपीएफ पोस्ट पर लाया। इसके बाद वन्यजीवों की सुरक्षा और संरक्षण को ध्यान में रखते हुए सभी कछुओं को आवश्यक कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया। आरपीएफ के अनुसार वन्यजीवों को पकड़कर उनका अवैध परिवहन करना कानूनन अपराध है। बरामद कछुओं को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत संरक्षण देते हुए आगे की कार्रवाई के लिए वन विभाग को सौंपा गया है। इधर कछुओं को ट्रेन में लाकर लावारिस छोड़कर फरार हुए व्यक्ति की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। आरपीएफ द्वारा मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि कछुओं को कहां से लाया गया था तथा उन्हें कहां ले जाया जा रहा था। आरोपित की पहचान होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.