बत्तख के चूजे बेचकर परिवार पालने वाले 50 वर्षीय सफरुद्दीन की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, चंदवा में पकड़ा गया फरार ट्रेलर
लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र के जोगना मोड़ के समीप गुरुवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में 50 वर्षीय सफरुद्दीन अंसारी (पिता- स्वर्गीय हजरत अंसारी) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वर्षों से बत्तख के चूजों का कारोबार कर अपने परिवार का भरण-पोषण करने वाले सफरुद्दीन रोजाना की तरह कारोबार के सिलसिले में निकले थे, लेकिन रास्ते में एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी जिंदगी छीन ली।
मृतक के भाइयों ने बताया कि सफरुद्दीन अंसारी बत्तख के चूजे लेकर अरू से लोहरदगा की ओर आ रहे थे। उसी दौरान गुमला की ओर से लोहरदगा की तरफ आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से उनकी TVS में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर की चपेट में आने से उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि पुलिस की तत्परता से फरार ट्रेलर को लातेहार जिले के चंदवा में पकड़ लिया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही सेन्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस दर्दनाक हादसे से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मेहनत-मजदूरी और बत्तख के चूजों का कारोबार कर घर चलाने वाले सफरुद्दीन के असमय निधन से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम की मांग की है।