ताज़ा-ख़बर

एक पते पर 73 आवेदन, जिसमे 24 का चयन - सरायकेला होमगार्ड बहाली में बड़े फर्जीवाड़े का आरोप

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

बाहरी अभ्यर्थियों की घुसपैठ का दावा, डोर-टू-डोर जांच व एफआईआर की मांग तेज

एक पते पर 73 आवेदन, जिसमे 24 का चयन - सरायकेला होमगार्ड बहाली में बड़े फर्जीवाड़े का आरोप

सरायकेला-खरसावां : जिले में होमगार्ड बहाली प्रक्रिया को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। झारखंड होमगार्ड वेलफेयर एसोसिएशन ने नियुक्ति में बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। एसोसिएशन के प्रदेश महासचिव राजीव कुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता कर दस्तावेजों के साथ दावा किया कि बहाली प्रक्रिया में फर्जी आवासीय प्रमाणपत्रों के आधार पर बाहरी अभ्यर्थियों का चयन किया गया है जिससे स्थानीय युवाओं के अधिकारों पर सीधा असर पड़ा है। सबसे चौंकाने वाला मामला आदित्यपुर क्षेत्र के एक पते से सामने आया है जहां एक ही पते पर करीब 73 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया जिनमें से 24 का चयन भी हो गया। इसी तरह अन्य पतों पर भी असामान्य रूप से अधिक संख्या में आवेदन और चयन दर्ज किए गए हैं, एक पते पर 11 में से 8 और दूसरे पते पर 4 में से 4 अभ्यर्थियों का चयन हुआ। एसोसिएशन का कहना है कि यह स्थिति पूरी चयन प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर प्रश्नचिन्ह लगाती है। प्रेस वार्ता में तिवारी ने आरोप लगाया कि स्थानीय स्तर पर मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेज तैयार किए गए और उन्हें सत्यापन के बिना स्वीकार कर लिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि कई अभ्यर्थियों के पते अधूरे या संदिग्ध हैं इसके बावजूद उनका चयन होना प्रशासनिक लापरवाही या सुनियोजित गड़बड़ी की ओर इशारा करता है। इस संबंध में एसोसिएशन ने उपायुक्त को लिखित आवेदन सौंपते हुए विस्तृत जांच की मांग की है। आवेदन में सभी चयनित अभ्यर्थियों के आवासीय प्रमाणपत्रों का डोर-टू-डोर सत्यापन कराने, संदिग्ध मामलों को निरस्त करने और दोषी अधिकारियों व अभ्यर्थियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की गई है। एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष प्रकाश पूर्ति ने भी कहा कि यदि समय रहते इस मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो यह स्थानीय युवाओं के भविष्य के साथ अन्याय होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर संगठन आंदोलन का रास्ता भी अपनाएगा। फिलहाल यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासन की ओर से कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

इन्हें भी पढ़ें.