ताज़ा-ख़बर

आशियाना मोड़ पर 30-40 दुकानों पर चला बुलडोजर, चूल्हे-बर्तन समेत सामान मलबे में दबा, एम्बुलेंस और दमकल भी नहीं थी मौजूद

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड

दो दिन की मोहलत मांगते रहे दुकानदार, सामान निकालने तक का नहीं मिला मौका, अंचल अधिकारी की कार्यशैली पर उठे गंभीर सवाल

आशियाना मोड़ पर 30-40 दुकानों पर चला बुलडोजर, चूल्हे-बर्तन समेत सामान मलबे में दबा, एम्बुलेंस और दमकल भी नहीं थी मौजूद

आदित्यपुर : गम्हरिया अंचल क्षेत्र के आदित्यपुर थाना अंतर्गत आशियाना मोड़ के समीप बुधवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाकर करीब 30 से 40 दुकानों को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान दुकानों में रखे चूल्हे-बर्तन, खाने-पीने की सामग्री और अन्य सामान मलबे में दब गए। दुकानदारों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें सामान सुरक्षित निकालने तक का अवसर नहीं दिया। अभियान के दौरान प्रशासन की ओर से एम्बुलेंस या दमकल वाहन की मौजूदगी भी नहीं थी जिसको लेकर कार्रवाई की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि वे दुकानें खाली करने के लिए दो दिन का अतिरिक्त समय मांग रहे थे, ताकि चूल्हे, बर्तन और अन्य सामान सुरक्षित निकाल सकें। इसके बावजूद उनकी मांग पर ध्यान नहीं दिया गया। कार्रवाई में लाखों रुपये के नुकसान का दावा किया जा रहा है। वर्षों से दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले कई दुकानदार अपनी दुकानों को उजड़ते देख भावुक हो गए। अभियान के दौरान एक समाजसेवी महिला को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है।

सरकारी जमीन पर अतिक्रमण का प्रशासन का दावा

अंचल कार्यालय के सीआई ने बताया कि संबंधित भूमि सरकारी है और इसे खाली कराने के लिए दुकानदारों को कई दिन पहले नोटिस दिया गया था। निर्धारित समय में दुकानें नहीं हटाने के कारण कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि खाली कराई गई जमीन पर मार्केट कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा। हालांकि प्रभावित दुकानदारों को प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में दुकानें आवंटित करने के सवाल पर उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।

सुरक्षा इंतजामों पर भी उठे सवाल

नियमों के तहत प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान परिस्थितियों के अनुरूप पर्याप्त सुरक्षा, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और अग्निशमन व्यवस्था का आकलन करना आवश्यक होता है। विशेषकर बुलडोजर से बड़े पैमाने पर निर्माण हटाने के दौरान किसी दुर्घटना या आगजनी की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में एम्बुलेंस और दमकल वाहन की अनुपस्थिति को लेकर सवाल उठ रहे हैं। दुकानदारों ने कार्रवाई की प्रक्रिया, सामान के नुकसान और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।

इन्हें भी पढ़ें.