ताज़ा-ख़बर

एसआईआर के विरोध में झारखंड विधानसभा में सरकार ने पेश किया संकल्प, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

राधाकृष्ण किशोर ने सदन में रखा प्रस्ताव, मौजूदा प्रक्रिया रोककर सभी राज्यों और राजनीतिक दलों से विचार-विमर्श के बाद नए सिरे से पारदर्शी पुनरीक्षण कराने की मांग

एसआईआर के विरोध में झारखंड विधानसभा में सरकार ने पेश किया संकल्प, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग

रांची: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र के पहले दिन बुधवार को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर सदन में सरकार ने संकल्प पेश किया। संसदीय कार्यमंत्री राधाकृष्ण किशोर ने सरकार की ओर से संकल्प प्रस्तुत करते हुए एसआईआर की मौजूदा प्रक्रिया पर गंभीर चिंता जताई और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग की।

संकल्प में कहा गया कि वर्तमान प्रक्रिया के तहत योग्य मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य की मतदाता सूची में उम्र, माता-पिता के नाम की वर्तनी और अन्य जानकारियों में विसंगतियां हैं। सरकार के अनुसार, झारखंड के कुल 2.64 करोड़ मतदाताओं में से प्रारूप मतदाता सूची में केवल 2.21 करोड़ नाम प्रकाशित किए गए हैं। प्रारूप सूची में शामिल मतदाताओं में लगभग 27 प्रतिशत को संदेहास्पद मानते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।

सरकार ने दावा किया कि राज्य के कुल मतदाताओं में 38 प्रतिशत से अधिक ऐसे हैं, जिनके नाम या तो मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं या उन्हें संदेहास्पद मानकर नोटिस दिया गया है। नोटिस के 75 प्रतिशत से अधिक मामले माता-पिता के नाम की वर्तनी में अंतर, उम्र संबंधी विसंगति और अन्य तार्किक त्रुटियों से जुड़े हैं।

संकल्प में झारखंड की सामाजिक और सांस्कृतिक परिस्थितियों का उल्लेख करते हुए कहा गया कि आदिवासी बहुल राज्य में एसआईआर लागू करते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। विशेष रूप से आदिम जनजाति समुदाय के लोगों के पास आवश्यक दस्तावेजों की कमी और जागरूकता का अभाव बड़ी चुनौती है। इसके अलावा दूसरे राज्यों में काम करने वाले प्रवासी मजदूरों, बाहर पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों, बुजुर्गों, विधवा और तलाकशुदा महिलाओं को भी इस प्रक्रिया में कठिनाइयां हो सकती हैं।

सरकार ने पश्चिम बंगाल में एसआईआर का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां 90 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए और अपीलों के निपटारे के लिए गठित न्यायाधिकरणों को 38 लाख से अधिक आवेदन मिले। झारखंड में भी ऐसी स्थिति पैदा होने पर बड़ी संख्या में योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हो सकते हैं।

सरकार ने स्पष्ट किया कि वह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के सिद्धांत के खिलाफ नहीं है, लेकिन वर्तमान प्रक्रिया को रोककर सभी राज्यों और राजनीतिक दलों के साथ व्यापक विचार-विमर्श करने की जरूरत है। इसके बाद पारदर्शी नियम और सरल मानक संचालन प्रक्रिया तैयार कर नए सिरे से पुनरीक्षण कराया जाना चाहिए।

संकल्प में संविधान के अनुच्छेद 326 का हवाला देते हुए कहा गया कि सार्वभौमिक वयस्क मताधिकार प्रत्येक योग्य नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। किसी भी प्रक्रियागत जटिलता के कारण पात्र मतदाता को इस अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए। सरकार ने सदन में चर्चा के बाद संकल्प को भारत निर्वाचन आयोग सहित सभी सक्षम प्राधिकारों के पास भेजने का प्रस्ताव रखा।

इन्हें भी पढ़ें.