आदित्यपुर की बेबको कंपनी में तीन लाख की बैटरी चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चोरी की सभी 20 बैटरियां की बरामद, कीमत करीब तीन लाख रुपये

आदित्यपुर : थाना क्षेत्र स्थित बेबको कंपनी के प्लांट परिसर से बैटरी चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गई सभी 20 बैटरियां बरामद कर ली हैं। बरामद बैटरियों की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 23-24 नवंबर 2026 की मध्यरात्रि करीब दो बजे बेबको कंपनी के कर्मचारियों ने सूचना दी कि प्लांट परिसर के यार्ड में कुछ चोर घुस आए थे और वहां से 20 बैटरियां चोरी कर ले गए हैं। सूचना मिलते ही आदित्यपुर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और 16 बैटरियां बरामद कर लीं। शेष चार बैटरियों की बरामदगी के लिए पुलिस ने छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान वास्को नगर, आदित्यपुर निवासी सिंघराय सामद, समीर हांसदा और नारायण हेम्ब्रम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की बाकी चार बैटरियां भी बरामद कर ली गईं। इस मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 346/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी हुई है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।