90 पीएमश्री विद्यालयों के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण दल भुवनेश्वर के लिए रवाना
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, रांची के तत्वावधान एवं शुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट के सहयोग से पीएमश्री राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय जिंगी (कुड़ू), पीएमश्री राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय सढ़ाबे (कैरो) तथा पीएमश्री राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय बिढ़नी (पेशरार) के कुल 90 छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण दल मंगलवार को ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के लिए रवाना हुआ। दल का नेतृत्व जिंगी विद्यालय के प्रधानाचार्य अलीरजा अंसारी कर रहे हैं। उनके साथ एस्कॉर्ट शिक्षक खुशमारेन मर्शिला तिर्की, साधु उरांव, मीरा उरांव, मनोज कुमार साहू एवं सिरोमनी मिंज भी शामिल हैं। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएं भुवनेश्वर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक, वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक महत्व के विभिन्न स्थलों का भ्रमण करेंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा में प्राप्त ज्ञान के साथ व्यावहारिक एवं अनुभवात्मक शिक्षा से जोड़ना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। रवानगी से पूर्व प्रधानाचार्य अलीरजा अंसारी ने विद्यार्थियों को यात्रा के दौरान अनुशासन, समयपालन और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में जिज्ञासा, रचनात्मक सोच, आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है तथा उन्हें नई जानकारियां और अनुभव प्राप्त होते हैं। शुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट के जिला समन्वयक जय कुमार एवं रामगढ़ जिला समन्वयक शुभम कुमार ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए भ्रमण के दौरान विभिन्न स्थलों का गंभीरता से अवलोकन करने और प्राप्त अनुभवों को अन्य विद्यार्थियों के साथ साझा करने का आग्रह किया। विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने विद्यार्थियों को शुभकामनाओं के साथ विदा किया। वहीं, प्रधानाचार्य ने इस पहल के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद्, रांची तथा शुभद्रा चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रति आभार व्यक्त किया।